राजस्थान की नन्हीं बालिका चेस की सितारा खिलाड़ी कियाना परिहार ने विश्व में चमकाया भारत का नाम कुआलालंपुर में शतरंज में गोल्ड मेडल सहित अब तक 10 अंतर्राष्ट्रीय मेडल जीते

 


उदयपुर

राष्ट्रीय अंडर-9 गर्ल्स शतरंज चैंपियन उदयपुर की नन्हीं प्रतिभा कियाना परिहार ने कम उम्र में ही वैश्विक स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का मान बढ़ाया है। मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित कॉमनवेल्थ शतरंज चैंपियनशिप 2025 में कियाना ने अंडर-10 गर्ल्स ब्लिट्ज वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

8 से 17 नवंबर तक चले इस 10-दिवसीय टूर्नामेंट में 30 देशों के 900 से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कियाना ने अपनी तेज सोच, संयम और रणनीति से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

प्रेस वार्ता में कियाना के पिता जितेन्द्र परिहार ने बताया कि ब्लिट्ज में गोल्ड के साथ ही कियाना ने क्लासिकल प्रारूप में कांस्य पदक भी जीता, जो यह साबित करता है कि वह खेल के हर प्रारूप में समान रूप से निपुण है। इस उपलब्धि के बाद कियाना के अंतर्राष्ट्रीय मेडल की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

निरंतर मेहनत, अनुशासन और प्रदर्शन में निरंतरता ने कियाना को भारत की सबसे युवा और प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

इससे पहले भी कियाना ने विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।

कजाखस्तान के अल्माटी में आयोजित वर्ल्ड कैडेट शतरंज चैंपियनशिप 2025 के अंडर-10 वर्ग में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा ग्रीस के रोड्स में आयोजित वर्ल्ड यूथ टिल्ट्स शतरंज चैंपियनशिप में भी उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था।

इन उपलब्धियों के साथ कियाना विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली राजस्थान की पहली खिलाड़ी बनी हैं।

कियाना की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का समर्पण, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और स्वयं कियाना की अदम्य इच्छाशक्ति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कियाना परिहार ने एक बार फिर साबित किया है कि सपने उम्र नहीं, मेहनत और जुनून देखते हैं।

भारत की इस उभरती नन्हीं ग्रैंडमास्टर को ढेरों शुभकामनाएँ। 🇮🇳✨

Post a Comment

0 Comments