महाराष्ट्र के बारामती के पास एनसीपी नेता और डिप्टी सीएम अजित पवार का निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से हड़कंप मच गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस वक्त हुआ, जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती रनवे पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था. अजित पवार मुंबई से बारामती पहुंच रहे थे और उन्हें वहां जिला परिषद चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था. इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई है.
मौके से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान खेत में गिरा हुआ है और उसमें भीषण आग लगी हुई है. चारों तरफ तेज धुआं उठता दिखाई दे रहा है. विमान पूरी तरह जलकर राख हो चुका है और उसके टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे नजर आ रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा बारामती में रनवे के पास हुआ
हादसा क्रैश लैंडिंग के कारण हुआ या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से, इस पर भी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. एनसीपी नेता माजिद मेमन ने भी पुष्टि की है कि अजित पवार को बारामती पहुंचना था.
अजित पवार किस विमान में सफर कर रहे थे?
अजित पवार ऑपरेटर VSR के Learjet 45 विमान में सफर कर रहे थे. यह विमान VT-SSK रजिस्ट्रेशन नंबर का था, जो लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. विमान में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके साथ एक पीएसओ और एक अटेंडेंट, जबकि दो क्रू सदस्य पायलट-इन-कमांड और फर्स्ट ऑफिसर शामिल थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में विमान में सवार किसी की भी जान नहीं बची. हादसे के कारणों की जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, अजित पवार ने एक दिन पहले मुंबई में कैबिनेट बैठक में हिस्सा लिया था. इसके बाद वे पुणे जिले में 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में बारामती जा रहे थे. अजित पवार महाराष्ट्र के वरिष्ठ भारतीय राजनेता हैं. वह रिकॉर्ड छठी बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बने थे. वह सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के अहम नेता हैं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं.
0 Comments