मुम्बई। घाटकोपर पूर्व स्थित प्राचीन श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में आम एवं छप्पन भोग महोत्सव के अवसर पर शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान वेंकेटेश्वर को विशेष आम और छप्पन भोग अर्पित कर भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें मुम्बई की महापौर रितु तावड़े ने भी पहुंचकर दर्शन पूजन किया।
मंदिर के पुजारी एवं महामंडलेश्वर धरनिधाराचार्य जी महाराज ने अपने शिष्यों के साथ महापौर रितु तावड़े का स्वागत किया और भगवान वेंकेटेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना करवाई। छप्पन भोग एवं आम के भोग के साथ प्रभु की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसके बाद महापौर को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
महापौर रितु तावड़े मंदिर परिसर स्थित गौशाला को देखकर विशेष रूप से प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने गौ माताओं को सहलाते हुए गौशाला की स्वच्छता और प्राकृतिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि महानगर के मध्य ऐसी सुंदर एवं व्यवस्थित गौशाला आध्यात्मिक शांति और प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार छप्पन भोग दर्शन 23 मई शनिवार को प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक तथा 24 मई रविवार को प्रातः 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।
घाटकोपर स्थित यह जागृत एवं दिव्य श्री तिरुपति बालाजी मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त भगवान वेंकेटेश्वर के दर्शन कर आध्यात्मिक संतोष प्राप्त करते हैं।
0 Comments