शीर्षक: घाटकोपर में श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा अयोध्या राम मंदिर स्थापना दिवस की दूसरी वर्षगांठ श्रद्धा के साथ मनाई गई



मुंबई, (सं.)
घाटकोपर स्थित श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर ट्रस्ट द्वारा अयोध्या राम मंदिर स्थापना दिवस की दूसरी वर्षगांठ बड़े श्रद्धा-भाव और भक्ति वातावरण में मनाई गई। इस पावन अवसर पर अखंड रामचरितमानस पाठ, महाआरती एवं हवन का आयोजन किया गया। हवन के समापन के बाद भंडारा महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। भक्तों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। आयोजन की सफलता में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।
मंदिर के प्रमुख पुजारी नारायण महाराज ने बताया कि श्री रोकड़िया हनुमान मंदिर में प्रत्येक रविवार नियमित रूप से भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस साप्ताहिक भंडारे में लगभग 600 से 800 श्रद्धालु भोजन ग्रहण करते हैं। यह सेवा कार्य पिछले पाँच वर्षों से निरंतर प्रत्येक रविवार जारी है, जो समाज सेवा और धार्मिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलता है, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव को भी प्रोत्साहन मिलता है। श्रद्धालुओं ने इस सफल आयोजन के लिए ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों की कामना की।

Post a Comment

0 Comments