मुंबई | बीएमसी चुनाव
मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों के लिए नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद मुलुंड इलाके के वार्ड संख्या 107 में एक अजीबोगरीब राजनीतिक स्थिति सामने आई है। इस वार्ड से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने वरिष्ठ नेता किरिट सोमैया के बेटे नील सोमैया को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन उनके मुकाबले में विपक्षी दलों ने कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा।
चौंकाने वाली बात यह है कि न तो राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाले गठबंधन से कोई उम्मीदवार है, और न ही कांग्रेस या राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई नामांकन किया गया है। ऐसे में वार्ड 107 में चुनावी मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नजर आ रहा है और नील सोमैया की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए किरीट सोमैया ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि वह ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, बस इतना ही काफी है कि ठाकरे ब्रदर्स के साथ-साथ कांग्रेस और एनसीपी भी इस वार्ड से प्रत्याशी उतारने में असफल रहीं। उन्होंने इसे “भगवान की अनोखी लीला” बताया।
किरीट सोमैया ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भी इस बात का जिक्र किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि नील सोमैया मुलुंड के वार्ड नंबर 107 से चुनाव लड़ रहे हैं और इस वार्ड में ठाकरे गुट, एमएनएस, कांग्रेस तथा शरद पवार गुट का कोई भी उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा है। हालांकि, मुलुंड के अन्य पांच वार्डों में इन सभी दलों के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि नील सोमैया पहली बार वर्ष 2017 में मुलुंड के वार्ड नंबर 107 से चुने गए थे। अब वह दूसरी बार मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का चुनाव लड़ रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए वार्ड 107 का चुनाव परिणाम पहले ही तय माना जा रहा है।
0 Comments