जुआ चिट माफिया डेविड का आतंक? वीबी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में खुलेआम अवैध कारोबार के आरोप

संवाददाता – पवन पाठक | मुंबई

मुंबई: क़ुर्ला पश्चिम स्थित वीबी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में कथित जुआ माफिया डेविड द्वारा खुलेआम अवैध जुए का कारोबार संचालित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार महाराष्ट्र हॉल (बैलबाजार) के पीछे सर्विस रोड और पुल के किनारे 10 से 15 लोगों को जुआ खेलते और चिट्टी काटते देखा गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से जारी है। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति पर पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से उसका नेटवर्क सक्रिय है। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि इस कारोबार के संचालन में उसके परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।

नागरिकों का कहना है कि दिहाड़ी मजदूरों, श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर जुए की लत में धकेला जा रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार महाराष्ट्र हॉल, शीतल तालाब और कोल कंपाउंड के आसपास लंबे समय से कथित रूप से जुए के अड्डे संचालित होते रहे हैं। उनका आरोप है कि राहगीरों और मेहनतकश लोगों को लालच देकर इस अवैध गतिविधि में शामिल किया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने राज्य सरकार और मुंबई पुलिस से मांग की है कि अवैध जुआ, सट्टा, क्लब और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जिस प्रकार अन्य अवैध धंधों के विरुद्ध अभियान चलाए जाते हैं, उसी तरह जुआ माफियाओं के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

मानसून अधिवेशन के दौरान यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को सदन में उठाकर अवैध जुए के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करेंगे या नहीं।

Post a Comment

0 Comments